CJP: हैदराबाद में CJP का प्रदर्शन, सोनम वांगचुक भी शामिल हुए, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठी मांग
CJP: नई दिल्ली: हैदराबाद के धरना चौक पर रविवार को नीट पेपर लीक और सीबीएसई की मूल्यांकन प्रणाली को लेकर बड़ा विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस प्रदर्शन में कॉकरोच जनता पार्टी सहित कई सामाजिक संगठनों ने भाग लिया और केंद्र सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए जोरदार नारेबाजी की।
बड़ी संख्या में पहुंचे प्रदर्शनकारी
धरना स्थल पर जुटे लोगों ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और परीक्षा संबंधी विवादों से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। इस दौरान "हमें न्याय चाहिए" और "धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो" जैसे नारे लगाए गए।
सोनम वांगचुक भी हुए शामिल
प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक दल या सत्ता हासिल करने के उद्देश्य से नहीं चलाया जा रहा है, बल्कि इसका मकसद युवाओं और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करना है।
शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग
वांगचुक ने कहा कि देश में परीक्षा प्रणाली से जुड़ी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। पेपर लीक और परीक्षाओं के रद्द होने जैसी घटनाएं छात्रों के विश्वास को कमजोर कर रही हैं। उन्होंने सरकार से इन खामियों की जिम्मेदारी लेने और व्यवस्था में व्यापक सुधार करने की मांग की। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन को निर्धारित समय तक अनुमति दी गई थी और कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

