CG News : मामूली विवाद ने लिया खतरनाक मोड़, रिटायर्ड फौजी ने युवक को मारी गोली, आरोपी गिरफ्तार
CG News : जांजगीर। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में एक मामूली कहासुनी अचानक हिंसक वारदात में बदल गई। गाली-गलौज को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक रिटायर्ड आर्मी हवलदार ने लाइसेंसी पिस्टल से युवक पर फायरिंग कर दी। घटना सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है।
विकास नगर निवासी शैलेंद्र साहू अपने साथियों के साथ हिमांशु किराना स्टोर के पास गाली-गलौज कर रहा था। दुकान संचालक हिमांशु श्रीवास ने इसका विरोध किया, जिससे दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ता देख हिमांशु का भाई गुलशन श्रीवास मौके पर पहुंचा और अपनी लाइसेंसी पिस्टल से पंकज कश्यप पर गोली चला दी।
गोली पंकज के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। घायल पंकज को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बिलासपुर रेफर किया गया। राहत की बात है कि उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी गुलशन श्रीवास को गिरफ्तार कर लिया।
उसके साथ ही भाई हिमांशु श्रीवास को भी सहयोग के आरोप में हिरासत में लिया गया है। घटना में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी जब्त कर ली गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी गुलशन श्रीवास आर्मी के सिग्नल कोर से रिटायर्ड हवलदार है। फिलहाल उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।

