दुबई में सुनाई देंगे भोपाली तराने, 23 को रेगिस्तान में होगी भोपाली मीट...
MP News : भोपाल। विदेशों में बसे युवा अपने शहर की शान-ओ शौकत को बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं, साथ ही अपने शहर और देश की संस्कृति को संजोने का काम भी कर रहे हैं। इसी कड़ी में अब भोपाली कल्चर दुबई में आयोजित हो रही भोपाली मीट में देखने को मिलेगा। कुद्रा रेगिस्तान की ढलती शाम में गूजेंगीं भोपाली गप्पें। दिलचस्प किस्से कहानियों की महफिल सजेगी। दुष्यंत, कैफ, ताज, शैरी, असद भोपाली जैसे शायरों का कलाम सुनाया जाएगा। रंगारंग संगीत के साथ रोमांचक खेल भी होंगे। ये अनूठा आयोजन 23 नवंबर को होगा।
MP News : यह भोपाली विरासत, सांस्कृतिक, सामाजिक एकता के उत्सव के रूप में होगा। आयोजन के सूत्रधार और जर्मन की एक मल्टीनेशनल कंपनी के फाइनेंशियल कंट्रोलर मोहम्मद अमान ने बताया कि कार्यक्रम में विविध व्यंजनों की श्रृंखला नए-पुराने शहर के स्ट्रीट फूड की याद दिलाएगी। अमान ने बताया कि दुबई, शारजाह, अबू धाबी और रास अल खैमा में भोपाल के करीब दो सौ युवा हैं। यह सभी कारपोरेट, बैंकिंग, शिपिंग, इलेक्ट्रानिक, इलेक्ट्रिक, कम्प्यूटर, केमिकल कंपनी, ऑटो मोबाइल सेक्टर से लेकर होटल इंडस्ट्रीज में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
MP News : इन युवाओं को भोपालियत से जोड़े रखने की खातिर भोपाली मीट एक पहल है। यह सामाजिक मेलजोल को बढ़ाएगी। कार्यक्रम को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि यहां सीनियर युवा नौकरी के अपने अनुभव साझा करेंगे, ताकि नए लोगों का ज्ञानवर्द्धन और मार्गदर्शन हो सके। परदेस में अकेलापन भी नहीं लगे। आपात स्थिति में एक-दूसरे की मदद मिल सके। इसके लिए 13 वॉलेंटियर्स एवं सात सदस्यीय आयोजन एक समिति भी बनाई गई है, जो कार्यक्रम का समंवय करेगी।

