Breaking News
:

Pink Petrol Unit : महिला दिवस पर रायपुर पुलिस की बड़ी पहल, महिलाओं की सुरक्षा के लिए ‘पिंक पेट्रोल यूनिट’ शुरू

Pink Petrol Unit

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में तीन पिंक पेट्रोलिंग यूनिट्स गठित की गई हैं, जिनमें कुल 27 अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं।

Pink Petrol Unit : रायपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रायपुर पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए एक नई पहल की है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर शहर में “पिंक पेट्रोल यूनिट” की शुरुआत की गई। अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित कांबले ने पेट्रोलिंग टीम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल के तहत रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में तीन पिंक पेट्रोलिंग यूनिट्स गठित की गई हैं, जिनमें कुल 27 अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं।


यह टीम कॉल ट्रैकर और पेट्रोलिंग के माध्यम से महिलाओं से जुड़ी आपात स्थितियों में त्वरित सहायता प्रदान करेगी। पिंक पेट्रोलिंग टीम रोजाना दो शिफ्टों में काम करेगी। पहली शिफ्ट सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक संचालित होगी। कंट्रोल यूनिट में आने वाली कॉल्स को तुरंत संबंधित डीसीपी जोन की टीम तक पहुंचाया जाएगा, ताकि मौके पर पहुंचकर तुरंत मदद दी जा सके।


महिलाओं की सहायता के लिए रायपुर पुलिस ने एक समर्पित व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 94792-10932 भी जारी किया है। इस नंबर पर संपर्क कर महिलाएं किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस की मदद ले सकेंगी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पिंक पेट्रोलिंग टीम शहर के स्कूल, कॉलेज, मॉल और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर जाकर महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों और हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जागरूकता भी फैलाएगी।


इसके साथ ही ईव-टीजिंग और स्टॉकिंग की आशंका वाले क्षेत्रों में सरप्राइज पेट्रोलिंग भी की जाएगी। रायपुर पुलिस का कहना है कि यह पहल खास तौर पर कामकाजी महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई है। जरूरत पड़ने पर टीम मौके पर ही काउंसलिंग और सहायता भी प्रदान करेगी। पुलिस ने अपील की है कि महिलाओं से जुड़ी किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या स्टॉकिंग की घटना होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें या व्हाट्सएप हेल्पलाइन 94792-10932 पर संपर्क करें। रायपुर पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।

Popular post

Live News

Latest post

You may also like

Subscribe Here

Enter your email address to subscribe to this website and receive notifications of new posts by email.

Join Us