Liquor Scam : विजय भाटिया की हाईकोर्ट से रिट याचिका खारिज, विदेश भागने की थी तैयारी...
- Rohit banchhor
- 26 Jun, 2025
इस आधार पर एसीबी-ईओडब्ल्यू यह पता लगाने में जुटी है कि शराब घोटाले का पैसा किन-किन राजनेताओं और प्रभावशाली लोगों तक पहुंचा।
Liquor Scam : बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के कथित 2100 करोड़ रुपये के शराब घोटाले में फंसे कारोबारी विजय भाटिया को हाईकोर्ट से बड़ी राहत नहीं मिली है। गुरुवार को चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा की डिवीजन बेंच ने उनकी रिट याचिका खारिज कर दी। भाटिया ने अपने अधिवक्ता और सुप्रीम कोर्ट की वरिष्ठ अधिवक्ता मीनाक्षी अरोड़ा के माध्यम से याचिका दायर की थी, जिसमें एसीबी पर बिना समन के उनकी गिरफ्तारी का आरोप लगाया गया था।
हालांकि, एसीबी के अधिवक्ता सौरभ पांडे ने कार्रवाई में देरी के पीछे सबूत जुटाने और 300 से अधिक गवाहों से पूछताछ का हवाला देते हुए बचाव किया। कोर्ट ने सुनवाई के बाद याचिका को खारिज कर दिया, जिससे भाटिया की मुश्किलें बढ़ गई हैं। यह मामला तब चर्चा में आया जब ईओडब्ल्यू ने 31 मई 2025 को दिल्ली से भाटिया को गिरफ्तार किया, जब वह अपने परिवार के साथ विदेश भागने की कथित तैयारी में था।
जांच में सामने आया कि भाटिया ने विदेशी कंपनियों से शराब की सप्लाई कर 15 करोड़ रुपये से अधिक का कमीशन हासिल किया और इस राशि को प्रॉपर्टी में निवेश किया। ईओडब्ल्यू की छापेमारी में भाटिया और उसके साथी पप्पू बंसल के खातों से कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और उनके रिश्तेदारों के खातों में पैसों के ट्रांजेक्शन के रिकॉर्ड भी मिले हैं। इस आधार पर एसीबी-ईओडब्ल्यू यह पता लगाने में जुटी है कि शराब घोटाले का पैसा किन-किन राजनेताओं और प्रभावशाली लोगों तक पहुंचा।

