CG News : छुट्टी का दिन बना जिंदगी का आखिरी सफर, शिवनाथ नदी में डूबने से युवक की मौत
CG News : दुर्ग। दोस्तों के साथ घूमने और नदी में नहाने का कार्यक्रम एक युवक के लिए मौत का कारण बन गया। दुर्ग जिले के रसमड़ा-पिपरछेड़ी क्षेत्र स्थित शिवनाथ नदी में डूबने से केरल निवासी एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद उसके दोस्तों और सहकर्मियों में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, मृतक आशिन ओएस केरल के एर्नाकुलम जिले का निवासी था और भिलाई के सुपेला स्थित इंडियन कॉफी हाउस में वेटर के रूप में कार्यरत था। रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण वह अपने चार दोस्तों के साथ घूमने और नहाने के लिए शिवनाथ नदी पहुंचा था। बताया गया है कि आशिन को तैरना आता था, इसलिए वह नदी में उतर गया, जबकि उसके साथी किनारे पर ही मौजूद थे।
नहाने के दौरान वह अनजाने में नदी के गहरे हिस्से तक पहुंच गया। पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगने से उसका संतुलन बिगड़ गया और वह देखते ही देखते नदी में डूबने लगा। दोस्तों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी, जिसके बाद राहत दल और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद युवक को नदी से बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया। रास्ते में उसे सीपीआर भी दिया गया, लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ।
जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही अंजोरा चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार आशिन अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद उसके पार्थिव शरीर को रायपुर से विमान के जरिए केरल भेजने की तैयारी की गई।

