CG News : आदिवासी छात्रावास में रसोइए ने टंगिया से छात्र पर किया हमला, आरोपी हिरासत में
- Rohit banchhor
- 29 Mar, 2026
आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और छात्रावास की व्यवस्था सुधारने की मांग की है।
CG News : कटघोरा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र में स्थित प्री-मैट्रिक आदिवासी छात्रावास में एक गंभीर घटना सामने आई है। यहां रसोइए ने शराब के नशे में एक छात्र पर टंगिया (कुल्हाड़ी) से हमला कर दिया, जिससे बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना छुरी क्षेत्र के छात्रावास की है, जहां रसोइए और चपरासी का काम करने वाला केसर दुबे ने छठवीं कक्षा के छात्र पुष्पेंद्र कंवर पर जानलेवा हमला किया। हमले में छात्र की आंख के ऊपर गंभीर चोट आई, हालांकि समय पर इलाज मिलने से उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि छात्रावास अधीक्षक की अनुपस्थिति का फायदा उठाकर आरोपी बच्चों के साथ दुर्व्यवहार कर रहा था।
उस पर मारपीट और अवैध वसूली जैसे गंभीर आरोप भी लगे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और कटघोरा पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों में आक्रोश है। उन्होंने ट्राइबल विभाग से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और छात्रावास की व्यवस्था सुधारने की मांग की है।

